पुराना समय बहाल करने और इंटरसिटी के ठहराव की मांग, दी आंदोलन की चेतावनी
रुपईडीह ब्लॉक के बनगांव रेलवे स्टेशन पर सोमवार को ग्रामीणों, छात्रों और वकीलों ने ट्रेनों के समय में बदलाव को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने ट्रेनों का पुराना समय बहाल करने और इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव की मांग की। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने रेलवे द्वारा ट्रेनों के निर्धारित समय में किए गए बदलाव पर गुस्सा जताया। उनका कहना है कि समय बदलने से इलाके के यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को काफी परेशानी हो रही है। पहले के समय पर ट्रेन मिलने से लोगों को आने-जाने में आसानी होती थी, लेकिन अब कई यात्रियों के लिए ट्रेन पकड़ना मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही ट्रेन का समय पहले जैसा नहीं किया गया, तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनकी मांगों को अनदेखा किया गया, तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बनगांव रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव की भी जोरदार मांग की। उनका कहना है कि इंटरसिटी ट्रेन यहां से गुजरती तो है, लेकिन स्टेशन पर नहीं रुकने से क्षेत्र के यात्रियों को इसका फायदा नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने रेलवे अधिकारियों से स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि बनगांव रेलवे स्टेशन हजारों लोगों के आने-जाने का मुख्य साधन है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ट्रेनों के समय में सुधार और इंटरसिटी ट्रेन का ठहराव बहुत जरूरी है। इस मामले में स्टेशन मास्टर राहुल पाठक ने बताया कि उन्होंने पत्र लिखकर संबंधित अधिकारियों को जानकारी दे दी है। जो भी फैसला होगा, उसे माना जाएगा।
