Rail News Center – Search


Sort :

SEARCH

RAIL NEWS CENTER

Jan 29, 2020

कर्मचारियों को पहली बार हवाई यात्रा कराएगा रेलवे

दक्षिण-पूर्व रेलवे जोन के चार मंडलों से 88 कर्मचारी स्टाफ बेनीफीट फंड से पहली बार हवाई यात्रा का आनंद लेंगे। इसके तहत अंडमान निकोबार की हवाई यात्रा का कार्यक्रम तय है। इसके लिए चक्रधरपुर, रांची, आद्रा और खड़गपुर मंडल से ऐसे 29 महिलाओं व 59 पुरुष कर्मचारियों का चयन किया गया है, जो 2020 में सेवानिवृत्त हो जाएंगे।

प्रावधान के मुताबिक, इस योजना का लाभ फिलहाल ग्रुप डी एवं सी श्रेणी के रेलकर्मियों को ही मिलेगा। इन रेलकर्मियों को कुल यात्रा खर्च की 25 प्रतिशत राशि देनी होगी। चक्रधरपुर रेल मंडल से 10 पुरुष और 8 महिला कर्मचारी अंडमान निकोबार की हवाई यात्रा पर जाएंगे। जबकि रांची, आद्रा एवं खड़गपुर मंडल से भी महिला-पुरुष रेलकर्मियों की सूची तैयार है। जोन के आदेश पर स्टाफ बेनीफीट फंड से सामूहिक यात्रा का आयोजन चक्रधरपुर मंडल कर रहा है। रेलकर्मियों की सूची मंडल स्तर पर बनी है।

सात दिवसीय यात्रा

मेंस कांग्रेस के संयोजक शशि मिश्रा ने बताया कि रेलकर्मी स्टाफ बेनीफीट फंड से 26 फरवरी से तीन मार्च तक अंडमान निकोबार घूमेंगे। इसके बाद दक्षिण-पूर्व जोन रेलकर्मियों के बच्चों एवं दिव्यांगों के लिए यात्रा का आयोजन करेगा। खड़गपुर वर्क्स और आद्रा मंडल को स्टाफ बेनीफीट फंड से यह संपन्न कराने की जिम्मेदारी मिली है।

स्टाफ बेनीफीट फंड से होता है काम

रेलवे स्टाफ बेनीफीट फंड की राशि रेलवे बोर्ड से जोन में आती है, जिसे कर्मचारियों की संख्या के हिसाब से लाभान्वित किया जाता है। इस फंड से कर्मचारियों के कल्याण का काम होता है। किसी कारणवश लंबे समय से बीमार रहे रेलकर्मी को आर्थिक मदद, रेलकर्मियों के बच्चों को उच्च शिक्षा में आर्थिक मदद मिलती है। साथ ही अस्पताल, कैंटीन और संस्थान में सुविधा मुहैया कराया जाती है।

Source - Hindustan

No comments:

  Disclaimer:The Information/News/Video provided in this Platform has been collected from different sources. We Believe that “Knowledge Is Power” and our aim is to create general awareness among people and make them powerful through easily accessible Information. NOTE: We do not take any responsibility of authenticity of Information/News/Videos.

Translate in your language