Rail News Center – Search


Sort :

SEARCH

RAIL NEWS CENTER

Jul 14, 2019

तस्वीरों के जरिए कारगिल विजय की गाथा बताएंगी ये 10 ट्रेनें, डॉ. हर्षवर्धन कल दिखाएंगे हरी झंडी

कारगिल युद्ध भारतीय शूरवीरों के शौर्य, अदम्य साहस और कुशल युद्ध रणनीति की अमर गाथा है। प्रतिकूल परिस्थितियों में भी भारतीय सेना के वीर जवानों ने दुश्मनों को खदेड़कर कारगिल की चोटियों पर तिरंगा फहराया था। भारत माता की रक्षा करते हुए कई शूरवीर शहीद हो गए थे। शहीदों को श्रद्धांजलि देने और सेना के पराक्रम को याद करने के लिए प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है।

कारगिल विजय के 20 वर्ष पूरे होने पर भारतीय रेल भी इसे यादगार बनाने जा रहा है। उसने इसकी गाथा ट्रेन के माध्यम से देश के कोने-कोने में पहुंचाकर नई पीढ़ी को प्रेरित करने की योजना तैयार की है। इसके लिए उत्तर रेलवे की 10 ट्रेनों को विशेष तौर पर सजाया जा रहा है। विनाइल रैपिंग के माध्यम से इन ट्रेनों के कोच पर करगिल युद्ध से जुड़ी तस्वीरें लगाई जा रही हैं।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि इस तरह की पहली ट्रेन नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलने वाली काशी-विश्वनाथ एक्सप्रेस होगी। इसे 15 जुलाई को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश सी अंगड़ी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस मौके पर रेल और सैन्य अधिकारियों के साथ ही कारगिल युद्ध के शहीदों के परिजन भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि लगभग सभी ट्रेनें दिल्ली-एनसीआर के किसी न किसी स्टेशन से होकर गुजरती हैं। ट्रेनों का चयन इस प्रकार से किया गया है कि देश की चारों दिशाओं में यह संदेश पहुंच सके, जिससे कि लोग भारतीय सेना के पराक्रम को जान सकें।

कारगिल युद्ध का इतिहास

वर्ष 1999 में कारगिल की पहाड़ियों पर पाकिस्तानी घुसपैठियों ने कब्जा जमा लिया था। इसकी जानकारी मिलने पर भारतीय सेना के जवानों ने दुश्मनों को खदेड़कर चोटियों पर तिरंगा फहराया था। दुश्मनों को देश की सीमा से खदेड़ने के लिए तीन मई से 26 जुलाई तक युद्ध चला था। प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को देशभर में भारतीय सेना के सम्मान में ‘विजय दिवस’मनाया जाता है।

इन ट्रेनों में दिखेगी वीरता की झलक

- काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस

- ब्रह्मपुत्र मेल

- सीमांचल एक्सप्रेस

- गोंडवाना एक्सप्रेस

- गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस

- नांदेड़-अंब अंदौरा सुपर फास्ट एक्सप्रेस

- स्वराज एक्सप्रेस, सवरेदय एक्सप्रेस, श्री वैष्णो देवी कटड़ा-हापा एक्सप्रेस, श्री वैष्णो देवी कटड़ा-जामनगर एक्सप्रेस

- अमृतसर-कुचुवेल्ली एक्सप्रेस

- निजामुद्दीन-पुणो एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस

Source - Jagran

No comments:

  Disclaimer:The Information/News/Video provided in this Platform has been collected from different sources. We Believe that “Knowledge Is Power” and our aim is to create general awareness among people and make them powerful through easily accessible Information. NOTE: We do not take any responsibility of authenticity of Information/News/Videos.

Translate in your language