रेलवे यात्रियों के लिए खुशखबरी है, अब चार्ट बनने के बाद भी Waiting ticket कंफर्म हो सकेंगे। टीसी के पास अब रिजर्वेशन रद कराने वालों की अपडेट जानकारी होगी। रेलवे ट्रेन में चलने वाले प्रत्येक टीसी को हैंड डिवाइस उपलब्ध कराएगा। इसमें जैसे ही कोई व्यक्ति अपना रिजर्वेशन रद कराएगा, वैसे ही लाइन में लगे अगले व्यक्ति का वेटिंग या आरएसी कंफर्म हो जाएगा और उसे टीसी को सीट देनी होगी। ये निर्देश डीआरएम को दो दिन पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान रेल मंत्री पीयूष गोयल ने दिए। यह सुविधा शीघ्र ही लागू की जाएगी।
रेलवे रतलाम मंडल के डीआरएम आरएन सुनकर ने बताया कि कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान स्वच्छता व अन्य व्यवस्थाओं पर भी ध्यान देने के लिए कहा गया है। साथ ही उन्होंने इंदौर स्टेशन की सुंदरता और हेरिटेज ट्रेन की भी तारीफ की है। उन्होंने स्टेशनों के मेंटेनेंस पर लगातार ध्यान देने की बात कही है। उन्होंने कहा, लोगों को स्टेशन पर मिलने वाली सुविधाओं का ध्यान रखा जाए।
ऐसे काम करेगी नई सुविधा
अभी रिजर्वेशन चार्ट स्टेशन से ट्रेन चलने के चार घंटे पहले बनकर तैयार हो जाता है। इसके बाद यदि कोई अपना रिजर्वेशन रद करवाता है, तो उसकी जानकारी न तो टीसी को लग पाती है, न ऑनलाइन दिखाई देता है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। जैसे ही टिकट रद होगा, वह टीसी के पास मौजूद टेबलेट पर दिख जाएगा। इसके बाद अगले व्यक्ति का रिजर्वेशन कंफर्म हो जाएगा और उसे सीट मिल जाएगी।
सीट खाली होने पर देनी होगी जगह
नई सुविधा के दौरान यदि कोई व्यक्ति ट्रेन में नहीं चढ़ा और उसने टिकट भी रद नहीं करवाया है, तो अगले वेटिंग वाले व्यक्ति को जगह देना टीसी की जिम्मेदारी होगी। सीट नंबर के हिसाब से ही जगह मिलेगी, लेकिन सीट देने के पहले टीसी को पूरी तरह इस बात की पुष्टि करना होगी कि रिजर्वेशन कराने वाला सफर नहीं करेगा।
दो दिन पहले दिए निर्देश
रतलाम मंडल के डीआरएम आरएन सुनकर का कहना है, 'रेल मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नई सुविधा शुरू करने की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। यह सेवा शीघ्र ही सभी ट्रेनों में शुरू की जाएगी। इसे लेकर सभी टीसी को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।'
Source - Jagran

No comments:
Post a Comment